भाजपा का बड़ा दावा: उत्तराखंड में प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के इशारे पर हो रही भू-माफियागिरी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा और उनके पति रॉबर्ट वाद्रा पर उत्तराखंड में कथित रूप से चार एकड़ भूमि हड़पने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि 90 वर्षीय एक महिला को जमीन खाली करने की धमकी दी जा रही है।..कांग्रेस, प्रियंका गांधी वाद्रा या रॉबर्ट वाद्रा की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि गांधी-वाद्रा परिवार का असल कारोबार राजनीति नहीं, बल्कि ‘‘लोगों की जमीन हड़पना’’ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि रॉबर्ट वाद्रा की भाभी सायरा वाद्रा उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा में स्थित चार एकड़ जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रही हैं जबकि मूल भूमि पट्टा दिवंगत कुलसुम खान के नाम पर है और यह संपत्ति वर्तमान में उनकी 90 वर्षीय बहन नसरीन खान के कब्जे में है।
भंडारी ने दावा किया कि किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ बुधवार देर रात लगभग 100 समर्थकों के साथ उस भूमि पर पहुंचे और नसरीन खान को धमकी दी कि यदि उन्होंने जमीन खाली नहीं की तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब कानूनी तरीकों से काम नहीं बनता, तो कांग्रेस नेता लोगों को धमकाते हैं।
भाजपा नेता ने दावा किया, ‘‘जब उन्हें यह एहसास हुआ कि सायरा वाद्रा कानूनी तरीके से उस जमीन को हासिल नहीं कर सकतीं, तो वे उस व्यक्ति को धमकाते है जिनके कब्जे में जमीन होती है। वह (सायरा वाद्रा) सामने दिखाई देती हैं, लेकिन वास्तव में प्रियंका वाद्रा और रॉबर्ट वाद्रा उनके पीछे हैं।’’
भंडारी ने दावा किया कि उनका आरोप नसरीन खान के बयान पर आधारित है। उन्होंने कहा कि इस बुजुर्ग महिला ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है कि वे जमीन को वाद्रा परिवार को सौंपने की कोशिश कर रहे हैं।
भंडारी ने आरोप लगाया, ‘‘इस मामले की जिम्मेदारी केवल कांग्रेस विधायक पर नहीं डाली जा सकती, बल्कि इसकी जिम्मेदारी प्रियंका गांधी वाद्रा पर आती है।’’
इस मामले में प्रियंका गांधी वाद्रा की कथित भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा, ‘‘क्या प्रियंका ने कांग्रेस विधायक को फोन करके कहा था कि उनकी भाभी को 90 वर्षीय मुस्लिम महिला को धमकाकर जमीन पर कब्जा दिलवाया जाए?’’
भंडारी ने आरोप लगाया कि यह घटना जमीन हड़पने के ‘‘गांधी-वाद्रा मॉडल’’ को दर्शाती है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस दावा करती है कि वह मुसलमानों और गरीबों के साथ खड़ी है। लेकिन आरोपों के अनुसार 90 वर्षीय एक मुस्लिम महिला को अपनी जमीन खाली करने की धमकी दी जा रही है।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘देश के लोगों को यह समझना चाहिए कि यदि गांधी-वाद्रा परिवार की किसी जमीन पर नजर होती है, तो वे बार-बार लोगों को भेजकर कब्जाधारी को कथित तौर पर तब तक धमकाते हैं, जब तक कि जमीन खाली नहीं करा ली जाती।’’
