रामनगर के सुंदरखाल गांव में संवेदना फाउंडेशन ने लगाया जागरूकता शिविर ।
रामनगर – संवेदना फाउंडेशन की ओर से रामनगर क्षेत्र के सुंदरखाल गांव में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके सामाजिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध सहायता एवं सरकारी सुविधाओं की जानकारी प्रदान करना रहा।

शिविर में संस्था के अध्यक्ष अनिल भंडारी द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक विषयों के साथ-साथ कानूनी अधिकारों एवं उनके संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं कमजोर वर्गों के अधिकारों, घरेलू हिंसा, बाल संरक्षण, शिक्षा के अधिकार तथा किसी भी प्रकार के शोषण या भेदभाव की स्थिति में उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी गई।

सामाजिक कार्यकर्ता राहुल सिंह दरम्वाल ने कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बताया कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या या अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में चुप रहने के बजाय संबंधित विभाग अथवा विधिक सहायता के माध्यम से अपनी समस्या का समाधान कराया जा सकता है। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और समाज में जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

संवेदना फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को अपने अधिकारों, कर्तव्यों और उपलब्ध सरकारी एवं कानूनी सुविधाओं की जानकारी मिल सके।
शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और सामाजिक एवं कानूनी विषयों से संबंधित अपनी समस्याएं एवं जिज्ञासाएं भी साझा कीं। कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष अनिल भंडारी, सामाजिक कार्यकर्ता राहुल सिंह दरम्वाल, ग्राम प्रधान चंदन राम आर्या, खुशाली राम , महेश चंद्र, आनंद राम, बालकृष्ण, राजेन्द्र कुमार “राजू”, शांति देवी, गौरा देवी, धना देवी, मोतली देवी, रमोली देवी, गिरीश चंद्र, आनंद प्रकाश, गणेश राम आदि मौजूद रहे।
