बैंक मैनेजर व स्टाफ ने जालसाजी से हड़पे लाखों रुपए, पीलीकोठी में बनाया था ऑफिस।

हल्द्वानी : विदेश जाने की लालसा आपको जालसाजों का शिकार बना सकती है। वर्तमान दौर में हर ओर ठगों की सक्रियता बढ़ गई है। अब हल्द्वानी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बैंक मैनेजर और उसके साथियों ने विदेश भेजने का नाम पर लाखों रुपए हड़प लिए। मुखानी थाने में आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज हो गया है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश जिला बिजनौर निवासी शाहनवाज ने पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया है। उसने बताया कि पीलीकोठी पद्मावती टावर के पास दो महिलाओं समेत छह लोगों ने एक कांप्लेक्स किराए पर लेकर उसमें ऑफिस खोला है। स्काई ट्रैवलर्स एंड टूर के नाम से खुले ऑफिस के फर्जीवाड़े में इंडियन ओवरसीज बैंक हल्द्वानी के बैंक मैनेजर व स्टाफ का भी हाथ है।
शाहनवाज का कहना है कि उन लोगों ने जालसाजी कर निधि शर्मा के खाते में नियम विरुद्ध स्काई ट्रैवलर्स एंड टूर का लोगो लगाया है। विदेश भेजने के नाम पर पैसे हड़प कर ये लोग निधि शर्मा के खाते में जमा करते हैं। जिसमें उसके और 13 अन्य लोगों के 10.66 लाख रुपये जमा हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया और बताया कि पहाड़गंज के एक होटल में वीजा की हार्ड कॉपी लेने के लिए उसे बुलाया था।
 जब वहां जाकर देखा तो वहां कोई कर्मचारी नहीं आया। अब इन सभी लोगों के मोबाइल नंबर बंद आ रहे हैं। आरोप है कि ये लोग करोड़ों रुपये लेकर भाग गए हैं।
 थानाध्यक्ष रमेश बोहरा का कहना है कि तहरीर के आधार पर हल्द्वानी के इंडियन ओवरसीज बैंक के मैनेजर, और मो. कलीम, रियासत उर्फ मकसूद हसन, इब्राहिम खालिद, निधि शर्मा, अंकित शर्मा, किरन खान व मकान मालिक पद्मावती भंडारी व बहादुर सिंह भंडारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed