उत्तराखंड परिवहन निगम के चालक-परिचालक ढूढ़ रहे यात्री का जूता, अधिकारियों ने दिये निर्देश।

भवाली : उत्तराखंड परिवहन निगम में गजब का मामला सामने आया है। खबर भवाली डिपो से जुड़ी है। कुरुक्षेत्र हरियाणा निवासी एक यात्री का जूता बस में गायब होने पर उत्तराखंड रोडवेज सहायक महाप्रबंधक ने चालक और परिचालक से जवाब मांगा है। यात्री की मांग पर जूते की तलाश की जा रही है। इस खबर से सभी हैरान है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा निवासी अभिषेक विगत 25 अक्तूबर को तीन दोस्तों के साथ भवाली डिपो की बस में नैनीताल से सवार हुआ था। काठगोदाम रेलवे स्टेशन से उसे ट्रेन पकड़नी थी। वह काठगोदाम रेलवे स्टेशन के पास दोस्तों के साथ उतर गया। लेकिन उसका जूता बस में ही छूट गया। अभिषेक ने रोडवेज अधिकारियों को पत्र लिखकर जूता तलाशने की मांग की है।
इस मामले की खबर अधिकारियों तक पहुंची तो उच्चाधिकारियों के निर्देश पर भवाली डिपो के सहायक महाप्रबंधक मनोज कुमार दुर्गापाल ने चालक अभिजीत कुमार और परिचालक राजेन्द्र जाटव से इस संबंध में जवाब मांगा है। अधिकारियों के फरमान के बाद जूते की खोजबीन की गई लेकिन ज्यादा समय होने के कारण जूते का मिलना आसान नहीं है। रोडवेज कर्मचारी इस बात की जानकारी जुटा रहे है कि यात्री का जूता बस में छूटा भी था या नहीं।
सहायक महाप्रबंधक भवाली मनोज दुर्गापाल का कहना है कि एक यात्री ने आरएम को बस में जूता गायब होने की शिकायत दी है। जिस पर चालक और परिचालक से मामले की जानकारी मांगी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed