छोटे व्यापारियों पर पुलिस के चाबुक से भड़के पालिकाध्यक्ष व सभासद
DevbumidigitalNews Uttarakhand Sitarganj Report Deepak bhardwaj
सितारगंज – नगर के छोटे व्यापारियों के चालान व फड़-खोखे और ठेले वालों को हटने की चेतावनी देने से पालिकाध्यक्ष व सभासदों के साथ ही साथ छोटे व्यापारी भी भड़क गये। उन्होंने कोतवाली में प्रदर्शन करते हुए पुलिस का रवैया न बदलने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।

पुलिस ने नगर में छोटे व्यापारियों के चालान काटे। साथ ही भविष्य में वहां फड़-खोखे व ठेले नहीं लगाने की चेतावनी दी। इससे त्रस्त व्यापारियों ने पालिकाध्यक्ष हरीश दुबे से शिकायत की। पालिकाध्यक्ष व सभासद व्यापारियों के साथ कोतवाली पहुंचे। वहां कहा गया कि पुलिस व प्रशासन आए दिन छोटे व्यापारियों को परेशान करते हैं। आरोप लगाया गया कि थाना प्रभारी प्रकाश सिंह दानू का रवैया गरीबों व छोटे व्यापारियों के प्रति अच्छा नहीं हैं। आए दिन उनके द्वारा नाजायज चालान काटे जाते हैं। यह भी आरोप था कि जन प्रतिनिधियों के पहुंचने पर भी उनके प्रति कोतवाल का रवैया अच्छा नहीं रहा। वह हमेशा किसी भी छोटे मामले को बड़ा विवाद बनाने का प्रयास करते हैं।

आरोप है कि कोतवाल छोटे व्यापारियों को पालिकाध्यक्ष दुबे के सामने डांटने, फटकारने लगे। इस पर पालिकाध्यक्ष दुबे ने रोष व्यक्त किया। वह साथियों के साथ कोतवाली से बाहर आ गए। बाद में हुई बैठक में तय किया गया कि पुलिस प्रशासन अपनी हठधर्मिता को नहीं छोड़ता तो उसके खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। जिसके लिए आगे की रणनीति बनाई गई।
